- डीएवी इंटर कॉलेज में नेहरू युवा केंद्र के तत्वावधान में हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहपुर। जिला स्तरीय पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम में युवाओं ने स्थानीय मुद्दों पर विचार रखने के साथ देश को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया। कस्बे के डीएवी इंटर कॉलेज में नेहरू युवा केंद्र के तत्वावधान में कार्यक्रम का शुभारंभ जिला युवा अधिकारी प्रतिभा शर्मा ने किया।
मुख्य अतिथि रालोद विधान मंडल दल के नेता व विधायक राजपाल बालियान ने विधानसभा के कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश की एकता व अखंडता को बनाए रखने के लिए युवाओं में भी राजनीति में आने की भावना जागृत होनी चाहिए। युवा संसद जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को अपने विचार रखने की स्वतंत्रता मिलती है।
भाजपा नेता विवेक बालियान ने युवाओं से अपने वोट के अधिकार का उपयोग कर शिक्षित एवं कुशल व्यक्ति को जनप्रतिनिधि चुनने की अपील की। भाकियू नेता चौधरी गौरव टिकैत ने युवाओं को शिक्षा के साथ अन्य क्षेत्रों में भी सक्रिय रहने तथा राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देते हुए अपना व्यक्तित्व विकास करने हेतु प्रेरित किया। महिला कल्याण विभाग की शिवांगी बालियान ने केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से चलाई जा रही महिला कल्याणकारी योजनाओं के साथ हेल्पलाइन नंबरों के बारे में अवगत कराया।
प्रधानाचार्य करण सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। संचालन विपिन बालियान ने किया। कार्यक्रम में एनवाईवी रूसी, प्रधान सोरम करणवीर सिंह, प्रवीण कुमार, संदीप बालियान, पुष्पेंद्र कुमार, विजेंद्र सैनी, जावेद अली, राकेश कुमार आदि मौजूद रहे।