मंसूरपुर नेशनल हाईवे पर डीसीएम गाड़ी ने घोड़ा तांगे में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में तांगे में बैठे चालक सहित आठ किसान गंभीर रूप से घायल हो गए। एक घायल किसान की मेरठ अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव जड़ौदा निवासी सुरेंद्र (40) पुत्र पीतम, सुभाष पुत्र अतरू, मनोज पुत्र जनेश्वर, होशियार पुत्र बलबीर, राजेश पुत्र पृथी, अशोक पुत्र जयकरण, महेंद्र पुत्र मंगू सब्जियों का उत्पादन करते हैं। सभी बृहस्पतिवार सुबह करीब पांच बजे गांव निवासी चालक मल्लू प्रजापति के घोड़ा तांगे में सब्जियां लादकर मुजफ्फरनगर सब्जी मंडी जा रहे थे।
गांव जड़ौदा से निकलते ही पीछे से आई डीसीएम गाड़ी ने घोड़ा तांगे में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से तांगा क्षतिग्रस्त हो गया और चालक सहित आठ लोग घायल हो गए। हादसे में घोड़ा भी चोटिल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया,
जहां से सुरेंद्र को मेरठ रेफर कर दिया गया। रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर डीसीएम गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया है। घायल घोड़ा तांगा चालक मल्लू की ओर से थाने में घटना की तहरीर दी गई है।