फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मीरापुर में कच्ची शराब पीने से युवक की मौत

Sun, 21 Apr 2019 12:29 AM IST
Deepak Kausik अमर उजाला ब्यूरो/ मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
प्रतीक फोटो। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
मीरापुर के मोहल्ला खटीकान में शनिवार शाम कच्ची शराब पीने से युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथियों को बेहोशी की हालत में मेरठ के निजी हास्पिटल में भर्ती कराया गया है। तीनों युवकों ने शाम  क्षेत्र में बिकने वाली कच्ची शराब पी थी, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई। इस घटना के बाद महिलाओं ने पुलिस के समक्ष जमकर हंगामा करते हुए अवैैध शराब बिक्री को लेकर खाकी पर सवाल उठाए। मृतक युवक के भाई ने देर रात दो शराब माफिया के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विज्ञापन


मीरापुर कसबा के मोहल्ला खटीकान निवासी आदेश (35) पुत्र चंद्रू और उसके साथियों खटीकान के ही कृष्ण पुत्र चमन व एक अन्य ने शनिवार शाम क्षेत्र में बिकने वाली कच्ची शराब खरीदकर पी थी। शराब पीने के करीब आधा घंटे बाद ही तीनों की हालत बिगड़ने लगी, जिस पर वे गिरते-पड़ते घर पहुंचे और बेहोश होकर गिर पड़े। परिजन तीनों को पीएचसी ले गए, जहां आदेश को मृत घोषित करते हुए कृष्ण को गंभीर हालत में मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं, तीसरे युवक को यहीं भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद क्षेत्रीय महिलाओं ने जिला आबकारी विभाग व थाना पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। महिलाओं का कहना है कि क्षेत्र में काफी समय से अवैध कच्ची शराब खुलेआम बिक रही है, लेकिन कई शिकायतों के बावजूद आबकारी विभाग व थाना पुलिस द्वारा अवैध शराब माफिया के खिलाफ किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की गई।
विज्ञापन


शनिवार रात कच्ची शराब पीने से एक युवक की मौत व दो की गंभीर हालत के चलते मोहल्ला वासियों में पुलिस व आबकारी विभाग के प्रति गुस्सा व्याप्त है। देर रात आदेश के बड़े भाई राकेश ने दो शराब माफिया टिल्लू और उसके रिश्तेदार गुल्लू के खिलाफ नामजद तहरीर दी है, जिस पर मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही थी। युवक के शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया गया है। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।

मीरापुर इंस्पेक्टर पंकज त्यागी ने बताया कि युवकों ने कच्ची शराब पी थी, जिसमें आदेश की मौत हो गई है और कृष्ण को गंभीर हालत में मेरठ के हॉस्प्टिल में भर्ती कराया गया है। वहीं, एक अन्य की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। आदेश के भाई राकेश ने तहरीर दी है, जिस पर रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। अवैध शराब माफिया के खिलाफ दबिश दी गई, लेकिन फिलहाल कोई हत्थे नहीं चढ़ा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें