ट्रैक्टर की चपेट में आकर युवक की मौत
मुजफ्फरनगर। शहर के सरवट फाटक के निकट अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकर बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आदर्श कॉलोनी निवासी विकास कुमार (28) भूमि विकास बैंक में डाटा एंट्री ऑपरेटर का काम करते थे। सोमवार सुबह विकास बाइक से कहीं जा रहे थे। सरवट फाटक पर अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सड़क पर गिरे विकास को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचल दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है, जबकि आरोपी चालक फरार हो गया।
हादसे में घायल ग्रामीण की मौत
शाहपुर। थाना क्षेत्र के गांव कसेरवा निवासी मनसब अली (48) तीन अक्तूबर को साइकिल से मंसूरपुर रोड से होकर कहीं जा रहे थे। उसी समय अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था, तभी से मेरठ के एक अस्पताल में मनसब अली का उपचार चल रहा था, जिसकी रविवार देर रात मौत हो गई। ग्रामीण की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।