रोडवेज बस की चपेट में आकर युवक की मौत
तितावी (मुजफ्फरनगर)। बघरा कस्बे में पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर हरियाणा रोडवेज की तेज रफ्तार बस ने प्राइवेट बस में चढ़ रहे युवक विजेंद्र को चपेट में लेकर कुचल दिया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक बस छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है।
तितावी थाना क्षेत्र के बुड़ीना खुर्द गांव निवासी विजेंद्र (25) मंगलवार सुबह किसी काम से मुजफ्फरनगर आ रहा था। बघरा बस स्टैंड पर वह सड़क किनारे आकर रुकी प्राइवेट बस में चढ़ रहा था। इसी दौरान मुजफ्फरनगर की तरफ से आती हरियाणा रोडवेज की तेज रफ्तार बस ने विजेंद्र को चपेट में लेकर कुचल दिया, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और हंगामा कर दिया, जिस पर आरोपी चालक बस को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। वहीं, प्राइवेट बस का चालक भी बस छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया। इसके साथ ही दोनों बसों को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया। युवक के परिजनों ने हरियाणा रोडवेज बस के अज्ञात चालक के खिलाफ हादसे की तहरीर दी है। बाद में पुलिस ने चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।