गांधीनगर में युवक ने खुद गोली मारकर आत्महत्या की
मुजफ्फरनगर। गांधीनगर में युवक ने अपने मकान की छत पर पहुंचकर खुद को तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। प्रथम दृष्टया युवक के मानसिक तनाव में होने की बात सामने आ रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने कहा कि पीएम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांधीनगर में लाल कोठी वाली गली निवासी निखिल उर्फ बंटी धीमान (38) अविवाहित था। रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे वह अपने घर की छत पर पहुंचा, जहां उसने कनपटी से तमंचा सटाकर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस दौरान किसी भी परिजन को घटना की भनक तक नहीं लगी। सोमवार सुबह परिजन किसी काम से छत पर गए तो वहां निखिल का लहूलुहान शव देख उनके होश उड़ गए। परिजनों की सूचना पर इंस्पेक्टर क्राइम सुशील सैनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मौके से केवल तमंचा व एक कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने उसके कमरे की भी जांच की, लेकिन किसी तरह का कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला। परिजनों के अनुसार पिछले कुछ समय से निखिल उर्फ बंटी मानसिक तनाव में चल रहा था। संभवत: इसी तनाव के चलते उसने आत्महत्या की है। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है। इस मामले में परिजनों द्वारा देर रात तक किसी तरह की तहरीर नहीं दी गई थी।