मुजफ्फरनगर : एके-47 के साथ फोटो खिंचवा कर वायरल करने वाले युवक, जिसे पुलिस ने जेल भेज दिया।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मंसूरपुर (मुजफ्फरनगर)। क्षेत्र के गांव बोपाड़ा निवासी एक युवक ने एके-47 के साथ अपना फोटो फेसबुक पर डाल दिया। सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होने पर पुलिस ने संज्ञान लेते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बताया गया है कि तीन साल पहले यह फोटो मंसूरपुर थाने में ही लिया गया था।
मंसूरपुर के गांव बोपाड़ा निवासी गोपाल पुत्र राज सिंह ने एके-47 के साथ अपना फोटो फेसबुक एकाउंट पर लगा दिया। जिसे किसी ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जानकारी मिलने पर पुलिस ने गोपाल को गिरफ्तार कर लिया। बताया गया कि तीन वर्ष पहले उसका थाने में किसी कांस्टेबल के पास आना जाना था। इसी दौरान सिपाही की एके-47 के साथ उसने फोटो खिंचवाया था। बाद में यह फोटो उसने अपनी फेसबुक पर डाल दिया। एसपी सिटी सतपाल अंतिल ने बताया कि फोटो 2017 का है जिसे गोपाल नामक युवक ने वायरल किया है। मंसूरपुर थाना प्रभारी का कहना है कि युवक के खिलाफ आर्म्स एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। तीन साल पहले जिस सिपाही की एके-47 के साथ युवक ने फोटो लिया और वीडियो बनाई। उस सिपाही का अब जीआरपी में तबादला हो चुका है। एसपी सिटी ने बताया कि उस सिपाही की विभागीय जांच की संस्तुति की गई है।