-पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर युवक की तलाश शुरू की
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। नगर के मोहल्ला लद्धावाला निवासी फरीद लापता है। परिजनों ने अपने बेटे के दो साथियों के खिलाफ शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया। शक जताते हुए आरोप लगाया कि दोनों युवकों ने उनके बेटे को बंधक बनाकर कही छिपा कर रखा है।
शहर कोतवाली के मोहल्ला लद्धावाला निवासी नेजाब ने शहर कोतवाली पुलिस को बताया कि उसके भाई फरीद को रामपुरी निवासी रवि व पिंकू अपने साथ घुमाने के लिए लेकर गए थे। उसके भाई को दोनों युवकों के साथ घर से गए हुए एक माह हो चुका है। आरोप है कि उसका भाई अभी तक वापस नहीं आया और दोनों आरोपी घूम कर वापस आ गए हैं।
फरीद के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कोई सही जवाब नहीं दिया है। पूरा परिवार पिछले एक माह से लगातार शहर कोतवाली व पुलिस अधिकारियों के कार्यालय के चक्कर काट रहा है, अभी तक फरीद का पता नहीं चला।
परिजनों ने दोनों युवकों पर शक जताया कि उन्होंने उनके बेटे को बंधक बनाकर कहीं छिपा कर रखा है। वहीं उसके साथ अनहोनी की भी आशंका जताई है। उधर, शहर कोतवाली पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। युवक की तलाश में पुलिस टीम लगी है। केदारनाथ तक युवक को तलाशने के लिए पुलिस टीम गई है।