सुल्तान फिल्म की कहानी एक पहलवान के इर्द-गिर्द है। हरियाणा पृष्ठभूमि में तैयार फिल्म में सलमान का नाम है सुल्तान अली खान। सुल्तान एक पहलवान है। उनके साथ अनूपशहर के शकील खान भी काम कर रहे हैं ।
शूटिंग के लिए शकील मंगलवार को मोरना पहुंच गए। उन्होंने गंगा किनारे बने अखाड़े का जायजा लिया और उसकी मिट्टी को अपनी देखरेख में भुरभुरी कराई। मुलायम करने के लिए मिट्टी में मट्ठा डाला गया है।
यशराज बैनर की फिल्म सुल्तान में शकील खान को सलमान के साथ अदाकारी का मौका मिला है। शकील सलमान के साथ अखाड़े में जौहर दिखाएंगे। मूल रूप से बुलंदशहर के अनूपशहर निवासी शकील बेहद गरीब परिवार से हैं। उनके पिता बाबू राजमिस्त्री का काम करते हैं।
फिलहाल इनका परिवार दिल्ली के सोनिया विहार में रहता है। शकील नोएडा के चंदकीराम अखाड़े से जुड़े हैं। 12वीं पास शकील के परिवार में माता-पिता के अलावा एक बहन और दस भाई हैं। शकील का किसी फिल्म में यह पहला रोल है। वह इसके लिए उत्साहित हैं और कुछ नर्वस भी।
कहते हैं कि सलमान खान के साथ काम करने का मौका मिला है, यह उनके लिए सौभाग्य की बात है। शकील का कुछ दिन पहले फिल्म के लिए ऑडिशन हुआ। इसके बाद उसे फिल्म के रोल के बारे में जानकारी दी गई। शकील अखाड़े में सलमान के साथ नजर आएंगे। शकील के सलाह मशविरे पर ही कुछ स्थानीय पहलवानों को भी बुलाया गया है। कुश्ती के दौरान उन्हें भी अखाड़े के आसपास दिखाया जाएगा।
शूटिंग के लिए 12 ट्रैक्टर लाए गए
मुजफ्फरनगर। फिल्म की शूटिंग के लिए ट्रकों में लादकर 12 ट्रैक्टर भी लाए गए हैं। गाड़ी से एक ट्रैक्टर उतारते समय स्लिप हो गया, जिससे हादसा होने से बाल-बाल बचा। ट्रैक्टर क्यों लाए गए हैं, इस बारे में कुछ साफ नहीं है।
चर्चा है कि अखाड़े के दौरान दर्शकों को ट्रैक्टर-ट्रॉली में आते हुए दिखाया जाना है। शूटिंग की तैयारियों में जुटीं यूनिट की इंचार्ज रतिशंकर त्रिपाठी ने फिल्म की कहानी के बारे में कुछ भी बताने से इंकार कर दिया। उनका कहना है कि शूटिंग के बाद मीडिया को ब्रीफ किया जाएगा।