दंगल में पहलवानों ने दिखाया दमखम
मुजफ्फरनगर, चरथावल। सांप्रदायिक सौहार्द के प्रतीक ऐतिहासिक घाट मेले में जिलेभर से कई गांवों के लोगों की भारी भीड़ पहुंची। मेले के मुख्य आकर्षण दंगल का शुभारंभ नगर पंचायत चेयरमैन सतेंद्र त्यागी ने किया। दंगल में कई प्रदेशों के पहलवानों ने हिस्सा लिया।
कस्बे में तिल्हेंडी को लगने वाले घाट मेले का अतीत सदियों पुराना है। मान्यता है कि मेले में दोनों वर्ग के लोग सद्भाव, एकता और भाईचारे की मिसाल प्रस्तुत करते हैं। मेला प्रांगण में दंगल का शुभारंभ करते मुख्य अतिथि चेयरमैन सतेंद्र ने कहा कि मेलों का आयोजन ग्रामीण परिवेश धरोहर है। दंगल में नदीम और शमशाद देवबंद, मनसब हरिद्वार, अब्दुल कादिर देहरादून, प्रधान जलालाबाद, सुशील यमुनानगर, गौरव सौरम आदि की कुश्तियां रोमांचक रहीं।
मेले में चरथावल, कुटेसरा, चौकड़ा, कुल्हेड़ी, दधेडू कलां, खुर्द, निर्धना, पावटी, अलावलपुर, दलीपपुरा, दहचंद एवं जिलेभर के लाखों लोगों ने पहुंचकर झूलों और दुकानों पर लुत्फ उठाया। मौत का कुआं, मैजिकल सर्कस, मिनी सर्कस पर कलाकारों ने हैरतअंगेज करतब दिखाए। रंग बिरंगे झूलों ने बच्चों को आकर्षित किया। काला जादू की आड़ में सजे वैरायटी शो में डांसरों ने नृत्य कर दर्शकों को खूब लुभाया। दंगल कमेटी संयुक्त अध्यक्ष कुशलपाल त्यागी और इरशाद त्यागी एडवोकेट संयुक्त रूप से रहे। संचालन असलम त्यागी ने किया। नितिन त्यागी, इसरार त्यागी, अमीर आलम, आरिफ, नदीम और जमशेद प्रधान पति, तसलीम लाल्ला, परवेज, साजिद आदि मौजूद रहे। निर्णायक मंडल में इस्लाम पहलवान और कल्लू अंसारी रहे। इस मौके पर नरेश त्यागी, वसीम अंसारी, आरिफ, इसरार त्यागी, रब्बान त्यागी, जाबिर, शिवकुमार आदि मौजूद रहे।