शाहपुर के बैंकों में नो कैश के चलते ग्राहकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कैश न मिलने पर भारतीय स्टेट बैंक के सामने भीड़ ने जाम लगा दिया, साथ ही इसी बैंक पर भाकियू नेताओं ने बैंक प्रबंधक के विरुद्ध नारेबाजी की।
सोमवार को कस्बे के पांच बैंकों में से ज्यादातर बैंकों में कैश नहीं मिलने से लोग भटकते रहे। व्यापारियों द्वारा जमा की गई रकम को कुछ ग्राहकों में बांटा गया। कैश नहीं मिलने से गुस्साई भीड़ ने बुढ़ाना रोड पर स्थित भारतीय स्टेट बैंक के सामने जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जाम लगाने वालों को दौड़ाया और सड़क से जाम हटाया। इस दौरान पुलिस ने हंगामा कर रहे आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया।
बाद में उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया। देर शाम स्टेट बैंक पर पहुंचे भाकियू के ब्लाक अध्यक्ष बिजेन्द्र बालियान, नीटू दुल्हेरा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक के विरुद्ध नारेबाजी की। जान-बूझकर किसानों को परेशान करने का आरोप लगाया।
भाकियू नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर बैंक प्रबंधक ने व्यवस्था एवं अपने व्यवहार में सुधार नहीं किया तो बैंक में तालाबंदी की जाएगी। इस दौरान बालेन्द्र सिंह, सतेन्द्र सिंह, मनोज बालियान, हरबीर सिंह, दीपक, कंवरपाल सिंह आदि मौजूद रहे। थाना प्रभारी सुभाष चंद राठौर ने बताया कि जाम लगाकर हंगामा करने वालो को बख्शा नहीं जाएगा, कानून व्यवस्था नहीं बिगड़ने दी जाएगी।
एटीएम नहीं चलने से नागरिक परेशान
शाहपुर। बैंकों से जरूरत के मुताबिक रुपये नहीं मिलने से क्षेत्रवासियों का हाल बेहाल है। नोटबंदी के 41 दिन बाद भी कस्बे में लगे पांच एटीएम में से कोई भी एटीएम आज तक नहीं चला। सभी बैंकों के एटीएम बंद होने से लोगों को कैश लेने के लिए परेशान होना पड़ रहा है। छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी पूरा-पूरा दिन कतारों में लगने से जरूरतमंद परेशान हैं। नो कैश की समस्या के चलते मजदूरी पेशा करने वालों को डबल मार पड़ रही है।