चावल के बजाए रोटी की मांग की थी श्रमिकों ने
मुजफ्फरनगर/पुरकाजी। पुरकाजी के एसडी इंटर कॉलेज में बनाए गए क्वारंटीन केंद्र पर श्रमिकों ने चावल के बजाए रोटी मांग की थी तथा यहां से अपने घर जाने को लेकर हंगामा किया था। एसडीएम सदर दीपक कुमार का कहना है कि चावल में कीड़े निकलने की पुष्टि नहीं हो सकी है। उन्होंने जांच रिपोर्ट डीएम को सौंप दी है।
एसडी इंटर कॉलेज पुरकाजी में बाहर से आने वाले श्रमिकों के लिए आश्रय स्थल बनाया गया है, जहां पर श्रमिकों को क्वारंटीन किया जाता है। शुक्रवार को क्वारंटीन केंद्र पर प्रवासी मजदूरों ने हंगामा किया था। उन्होंने चावल में कीड़े निकलने का भी आरोप लगाया था। डीएम के निर्देश पर एसडीएम सदर दीपक कुमार ने तहसीलदार जयेंद्र कुमार साथ मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। एसडीएम के अनुसार वहां रुके श्रमिकों ने बताया कि कुछ श्रमिक अन्य जिलों के थे, जिन्होंने सुबह के समय चावल के बजाए रोटी लेने की मांग की थी। इसके अलावा उन्हें अपने घर जाना था, इसलिए उन्होंने हंगामा किया था। उन्होंने बताया कि श्रमिकों के बयान से चावल में कीड़े निकलने की पुष्टि नहीं हो सकी।