जड़ौदा में महिला की गोली मारकर हत्या
मंसूरपुर (मुजफ्फरनगर)। गांव जड़ौदा में बुधवार सुबह खेत में चारा लेने गई महिला की पड़ोसी युवक ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद भाग रहे आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी अपने से दोगुनी उम्र की महिला से एकतरफा इश्क करता था, जिसके चलते उसने घटना को अंजाम दिया।
थाना क्षेत्र के गांव जड़ौदा निवासी राजमिस्त्री अरविंद की पत्नी मुनेश (42) बुधवार सुबह करीब 11 बजे खेतों में चारा लेने गई थी। उसी समय अरविंद के पड़ोस में रहने वाला राहुल (18) वहां पहुंचा और घास काट रही महिला की पीठ में तमंचे से गोली मार दी। घटना को अंजाम देकर भाग रहे आरोपी को पास ही खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने पकड़ लिया। गांव के ही भाकियू के जिला महासचिव अहसान त्यागी ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
लहूलुहान मुनेश को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। बाद में एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गी और सीओ खतौली राकेश कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। सीओ खतौली ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि राहुल पड़ोस में रहने वाली मुनेश से एकतरफा इश्क करता था और उसका कई दिन से पीछा कर रहा था। बुधवार को भी आरोपी उसका पीछा करते हुए खेत तक जा पहुंचा और वहां उस पर दबाव डालने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने उसे गोली मार दी। आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर उसके पास से घटन में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया गया है। पति अरविंद ने घटना की तहरीर दी है, जिसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।