हादसे के बाद मौके पर लगी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
चरथावल के रोनी हरजीपुर गांव से बाइक पर लिफ्ट लेकर जिला मुख्यालय हास्पिटल में बीमार पति को देखने जा रही महिला की हादसे में मौत हो गई। बाइक से गिरने के बाद मौके पर ही महिला ने दम तोड़ दिया।
दो दिन पूर्व रोनी हरजीपुर के किसान सुभाष चंद को हार्टअटैक होने के कारण परिजनों ने मुजफ्फरनगर प्राइवेट हास्पिटल में भर्ती कराया था। बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे उनकी पत्नी कमलेश (50) जिला मुख्यालय पर खाना लेकर जा रही थी। रोनी हरजीपुर बस स्टैंड पर वह लिफ्ट लेकर बिरालसी बस स्टैंड के लिए एक बाइक पर बैठ गई थी।
बिरालसी में मंदिर के निकट सड़क टूटी होने के कारण बाइक से उनका संतुलन बिगड़ गया। जिससे वह जमीन पर गिर पड़ी। सड़क पर सिर के बल गिरने से मौके पर उनकी मौत हो गई। मौत की खबर पर मौके पर भीड़ जुट गई। थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम की कार्रवाई के शव को सुपुर्दगी में ले लिया। महिला की मौत से परिवार में मातम छा गया।