पुरकाजी में बारिश के कारण तारिक मुस्तफा कॉलोनी में पशु व्यापारी के मकान की कच्ची छत गिरने से मलबे में दबकर उसकी पत्नी की मौत हो गई। पशु व्यापारी और उसके तीन बच्चे बाल-बाल बच गए। महिला की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। एसडीएम सदर और नगर पंचायत चेयरमैन ने मौके पर पहुंचकर मृत महिला के परिजनों को सांत्वना देकर हर संभव आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन दिया।
पुरकाजी कस्बे में बाहरी छोर पर तारिक मुस्तफा कालोनी में पशु व्यापारी दिलशाद कुरैशी अपने परिवार के साथ रहता है। सोमवार रात वह अपनी पत्नी सितारा (36) और तीन बच्चे सानिया (12), सलीना (10) और समद (6) के साथ मकान में सोया था। रात में तेज बारिश से कच्ची छत पर पानी भर गया। मंगलवार सुबह करीब छह बजे भी परिजन सो हुए थे। इस दौरान बरसात हो रही थी, तभी अचानक मकान की छत गिर गई।
हादसे में पशु व्यापारी की पत्नी सितारा गंभीर रूप से घायल हो गई। शोर सुनकर आसपास के मोहल्ले वाले भी वहां पहुंच गए। घायलों को मलबे से बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल सितारा को पुरकाजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में दिलशाद और उसके तीनों बच्चे बाल-बाल बचे। हादसे में उन्हें मामूली चोट आई। महिला की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
पोस्टमार्टम से किया इंकार
हादसे की सूचना पर एसडीएम सदर कुमार भूपेंद्र और पुरकाजी इंस्पेक्टर अमरदीप लाल मौके पर पहुंचे। मृत महिला के परिजनों से मिलकर शव का पोस्टमार्टम कराने की बात कही। परिजनों ने पोस्टमार्टम से इंकार कर दिया। एसडीएम ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उधर, नगर पंचायत अध्यक्ष जहीर फारूकी ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। उधर, भाजपा नेता भारत भूषण खुल्लर, डॉ. ओपी गौतम, हरिराम सक्सेना, वीरेंद्र सिंह आदि ने मृत महिला के परिजनों को प्रशासन से आर्थिक मदद दिलाने का भरोसा दिलाया।
नहीं मिला योजना का लाभ
मृत महिला सितारा के पति दिलशाद ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उसने भी फार्म भर रखा है, मगर काफी समय बीत जाने के बावजूद उसे योजना के तहत कोई राशि नहीं मिल पाई है। नतीजतन धन के अभाव में वह मकान की पक्की छत नहीं बना पाए।