महिला का शव तालाब में मिला
भोपा (मुजफ्फरनगर)। गांव बाकरनगर में तीन दिन से लापता महिला का शव गांव के तालाब से मिलते ही सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
भोपा थाना क्षेत्र के गांव बाकरनगर निवासी मुलकी सिंह की बेटी निक्की (25) की शादी एक वर्ष पूर्व भोपा निवासी विपिन के साथ हुई थी। किसी बात को लेकर पति और पत्नी में विवाद चला आ रहा था। दोनों में समझौता कराने को लेकर दो-तीन बार समाज के लोगों की पंचायत भी हो चुकी थी। विवाद के चलते वह करीब आठ माह से अपने मायके में रह रही थी। मुलकी सिंह ने बताया कि रविवार दोपहर वह घर से चली गई थी, तभी से उसकी तलाश की जा रही थी। यह सूचना पुलिस को भी दी गई थी। गांव के कुछ ग्रामीणों ने बताया था कि उसको गांव में ही तालाब तक जाते देखा गया हैं। मंगलवार को ग्रामीणों ने निक्की की तलाश शुरू की। इस बीच तालाब में जलकुंभी से महिला का शव बरामद हुआ। प्रधान संजीव कुमार, सतनाम सिंह, सुरेश प्रजापति ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने ग्रामीण के सहयोग से शव को तालाब से निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया की शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में जांच पड़ताल जारी है।