रोडवेज बस की टक्कर लगने से ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। जिसके नीचे दबने से महिलाओं समेत नौ लोग घायल हो गए। जिनमें से एक महिला की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। थाना ककरौली के गांव कढ़ी के ग्रामीण सोमवार शाम अपने खेतों से अगोला आदि सामान लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से गांव लौट रहे थे।
गंगा बैराज पुल पर मीरापुर की ओर से आ रही रोडवेज बस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी, जिसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। जिसमें सवार लोग ट्रॉली के नीचे दब गए। चीख पुकार मचने पर राहगीरों और आसपास के लोगों ने घायलों को बाहर निकाला। हादसे में नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने सुंदर पुत्र बरन सिंह, राकेश पुत्र किरण सिंह, प्रेम पुत्र वेद सिंह, सुमन पत्नी सत्यप्रकाश, शिक्षा पत्नी सुनील, सोहनवीरी पत्नी अतर सिंह, सीया पत्नी निर्मल, बिरमकली पत्नी धर्म सिंह को बिजनौर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां उपचार के दौरान 27 वर्षीया सोनिया पत्नी मांगेराम की मौत हो गई। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सोनिया की शादी छह वर्ष पूर्व हुई थी। मृतका अपने पीछे पांच वर्षीय शिवानी, तीन वर्षीय सलोनी को रोते बिलखते छोड़ गई है। ग्रामीणों ने बताया कि अन्य घायलों की भी हालत चिंताजनक बनी हुई है।