महिला की करंट लगने से मौत
मुजफ्फरनगर। शहर के कांशीराम आवासीय कॉलोनी में महिला की इनवर्टर से बल्ब के तार जोड़ते समय करंट लगने से मौत हो गई। महिला ब्राह्मण सभा समेत कई संगठनों से जुड़ी हुई थी। पुलिस ने शव को मोर्चरी में भेज दिया है।
मूल रूप से जनपद बिजनौर के किरतपुर की रहने वाली मुनेश शर्मा पत्नी यशपाल शर्मा काफी समय से सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के सरकुलर रोड स्थित कांशीराम आवासीय कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहीं थीं। उनका एकमात्र बेटा बिजनौर और बेटी मेरठ में रहती हैं। मुनेश शर्मा ब्राह्मण महासभा समेत कई संगठनों से जुड़ी हुईं थीं। शुक्रवार को महिला अपने आवास में इनवर्टर से बल्ब के तार जोड़ने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान अचानक तार शरीर से टच होने से महिला को करंट लग गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। लोगों ने पुलिस को मामले की सूचना दी। इंस्पेक्टर डीके त्यागी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। इंस्पेक्टर ने बताया कि महिला के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। शव को मोर्चरी में भेज दिया गया है।