दूध टैंकर की टक्कर से महिला की मौत
देवबंद। पति के साथ जा रही महिला की बाइक को तेज रफ्तार दूध के टैंकर ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक से गिरकर महिला टैंकर के पहिए से कुचल गई, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद आरोपी चालक को लोगों ने दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया।
कुरडी गांव निवासी पिंटू त्यागी शुक्रवार को पत्नी बबली को बाइक पर लेकर देवबंद किसी काम से आया था। दोपहर वह काम निपटाकर वापस लौट रहा था। जब वह भायला रेलवे क्रांसिंग के समीप पहुंचा तो पीछे से आए दूध के टैंकर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। जिसके चलते बबली सड़क पर गिर गई और ट्रक का पहिया उसके ऊपर चढ़ गया। इससे पहले बबली को अस्पताल ले जाया जाता उसकी मौके पर ही मौ्त हो गई। जबकि पिंटू घायल हो गया। घटना के बाद मौके से फरार हो रहे ट्रक चालक को लोगों ने कुछ दूरी पर दबोच लिया। सूचना पर पहुंची पुुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया। इंस्पेक्टर अशोक सोलंकी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीडित परिवार से तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।