सिखेड़ा के काटका पुल के पास रविवार देर रात कार गंगनहर में समा गई। हादसे में महिला समेत दो बच्चों की मौत हो गई। तीनों का देर रात शव मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों पर गम का पहाड़ टूट पड़ा है। कार चालक बमुश्किल भागकर अपनी जान बचाई। चालक ने ही घटना की सूचना सबसे पहले अपने रिश्तेदार को दी।
रविवार रात करीब नौ बजे गंगनहर की चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग पर गांव काटका पुल के पास एक कार अचानक गंगनहर में गिर गई। कार के नहर में समाते ही अफरातफरी का आलम हो गया। कार चालक डॉ. जावेद पुत्र शेर मोहम्मद निवासी सिवाल खास मेरठ किसी प्रकार से बाहर निकल गया। जबकि उसकी पत्नी रिजवाना (28), बेटी सुहाना (7) और बेटा शहनशाह (2) की मौत हो गई।
जावेद किसी प्रकार निकटवर्ती गांव दाह खेड़ी अपने रिश्तेदार मुन्ना के यहां पहुंचा। उसने हादसे की जानकारी दी। उसने बताया कि वह कार द्वारा दो बच्चों और पत्नी के साथ दाहखेड़ी आ रहा था। उनका पुल के पास कार अनियंत्रित होकर गंगनहर में गिर गई। वह किसी प्रकार से बच कर बाहर आ गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन और गोताखोरों को बुलाया। कार को निकालने के साथ ही गंगनहर में डूबे महिला और दोनों बच्चों की तलाश शुरू कराई गई।
अंधेरा होने के कारण गोताखोरों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। देर रात तीनों के शव मिलते ही परिवार पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा। तीनों के मौत की सूचना मिलते ही मेरठ के सिवालखास में उनके परिजनों में भी कोहराम मच गया। परिवार के लोग राहगीरों की सूचना पर घटनास्थल पर पहुंच गए थे। पुलिस शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी में जुटी थी।