पत्नी को हत्या कराने की धमकी दी
मुजफ्फरनगर, मोरना। विवाहिता को उसके पति ने ही ससुराल में पत्र भेजकर ढाई लाख रुपये में फैसला करने का दबाव बनाया है। विवाहिता का आरोप है कि फैसला नहीं करने पर हत्या कराने की धमकी दी है।
भोपा के गांव बहुपुरा निवासी तेजपाल पुत्र सुखपाल ने बताया कि उसकी पुत्री पूजा का विवाह हरियाणा के पानीपत निवासी प्रवीण कुमार पुत्र ओमपाल के साथ एक वर्ष पूर्व हुआ था। आरोप है कि पूजा के ससुरालियों द्वारा पूजा को शादी के बाद से ही मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था और बाद में उसके ससुरालियों ने पूजा को मारपीट कर घर से निकाल दिया था। पूजा द्वारा अपने ससुरालियों के खिलाफ न्यायालय में वाद दायर करा दिया गया था और तभी ये यह मामला विचाराधीन है। तेजपाल का आरोप है कि पिछले वर्ष दिसंबर माह में उसके घर डाक से एक पत्र प्राप्त हुआ, जिसमें उसकी पुत्री को जबरन उठाने व जान से मारने की धमकी दी गई थी। इस संबंध में उनके द्वारा पुलिस को अवगत कराया गया था, परंतु कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब फिर से उनके घर एक पत्र प्राप्त हुआ है, जिसमें प्रवीण ने ढाई लाख रुपये में फैसला करने, अन्यथा पूजा व उसके भाई विनीत की हत्या करने की धमकी दी गई है। बता दें कि तेजपाल की एक पुत्री की उसके गांव में ही गोलियों से भूनकर एक सिरफिरे आशिक ने हत्या कर दी थी। पीड़ित परिजनों ने इस मामले में डीआईजी के दरबार में फरियाद लगाई गई है। आरोप है कि अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।