मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने सराफ के घर डकैती के मामले में आरोपी की पत्नी को गिरफ्तार किया है। उससे पुलिस ने सोने व चांदी के जेवर बरामद किए हैं। इन जेवरों को वह बेचने के लिए जा रही थी। पुलिस ने इस मामले में फरार चार अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश देना शुरू किया है। इस घटना में दो आरोपियों के परिजन भी शामिल रहे हैं।
शहर के शाहबुदीनपुर रोड पर नूर ज्वैलर्स के मालिक फखरूल हसन के यहां परिजनों को गन प्वाइंट पर बंधक बनाकर लाखों के जेवर व पचास हजार की नगदी लूटी गई थी। पुलिस ने इस मामले में तीन महिलाओं सहित आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर सोने चांदी के जेवर व हथियार बरामद किए हैं।
इस घटना में शामिल रहे तितावी के गांव मांडी हर्षित उर्फ माइकल, चंधेडी रोड बुढ़ाना निवासी शाहरुख उर्फ पठान व उसका चचेरा भाई अफसर उर्फ सोनू, चंधेडी रोड बुढ़ाना निवासी मुदस्सिर व अफसर उर्फ सोने की पत्नी शहजादी फरार थी। मुजक्किर उर्फ मोनू व अफसर उर्फ सोनू के परिवार के लोग भी इस घटना में षडयंत्रकारियों व माल बेचने व जेवर गलाने का काम कराने में शामिल रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि अफसर उर्फ सोनू ने लूट का कुछ हिस्सा अपनी माता मुनिजा व दिल्ली में रहने वाले अपनी भाई मुदस्सिर व कुछ हिस्सा अपनी भाभी इसरत को दिया। शाहरुख उर्फ पठान ने कुछ हिस्सा अपने भाई फुरकान को दिया था। फुरकान, मुनिजा, इसरत व रजिया को शनिवार को जेवर बेचने जाते समय जेवर बरामद कर पकड़ा गया था। गिरफ्तार रजिया ने साथ रह कर अपने बहनोई अफसर उर्फ सोनू को रेकी कराई थी।
एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत ने बताया कि फरार आरोपियों में से पुलिस ने शाहपुर मोड पर एक ढाबे के पास से चंधेडी रोड बुढ़ाना निवासी शहजादी पत्नी अफसर उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया है। सोनू सहित चार आरोपी अभी फरार हैं। शहजादी से सोने के 52 ग्राम व चांदी के 89 ग्राम जेवर बरामद हुए हैं। आरोपी महिला का चालान कर दिया है।