मुजफ्फरनगर। भोपा रोड को गांधी कॉलोनी से जोड़ने वाले लिंक रोड की सूरत बदलने वाली है। पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड करीब 4.5 करोड़ रुपये में सड़क का निर्माण कराएगा। जल निकासी के लिए दोनों ओर नालों का भी निर्माण कराया जाएगा।
भोपा रोड से गांधी कॉलोनी की ओर जाने वाली सड़क काफी संकरी थी। एक्सईएन अभिषेक सिंह ने बताया कि सड़क को दोनों ओर से डेढ़-डेढ़ मीटर चौड़ा कराया जा रहा है। इस तरह सात मीटर चौड़ी सड़क 10 मीटर चौड़ी हो जाएगी। उन्होंने बताया कि करीब एक किमी लंबी सड़क के चौड़ीकरण और निर्माण के लिए 4.5 करोड़ रुपये का बजट तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि सड़क के दोनों ओर नाला निर्माण भी कराया जाएगा।
विद्युत खंभों की शिफ्टिंग पर आएगा दो करोड़ खर्च
पीडब्लूडी एक्सईएन अभिषेक सिंह ने बताया कि चौड़ीकरण के लिए विद्युत खंभों को एक ओर शिफ्ट करना आवश्यक है। ऊर्जा निगम विद्युत तार और खंभों सहित चौड़ीकरण में बाधा बन रहे ट्रांसफर को एक ओर शिफ्ट करेगा। इसके लिए करीब दो करोड़ रुपये ऊर्जा निगम को ट्रांसफर किए हैं।