मुजफ्फरनगर। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान में जिले की प्रगति 78.73 प्रतिशत पर पहुंच गई है। खतौली और बुढ़ाना के मतदाता सबसे आगे चल रहे हैं। सदर के अलावा सुरक्षित सीट पुरकाजी के मतदाता पीछे है। डीएम उमेश मिश्रा ने बताया कि नगर निकायों, खंड विकास कार्यालयों, तहसीलों और कलक्ट्रेट में हेल्प डेस्क बनाई गई है। मतदाताओं की मदद के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है।
विकास भवन में डीएम ने पत्रकारों को बताया कि एसआईआर का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। मतदाताओं से आह्वान किया कि अपने-अपने बीएलओ से संपर्क कर अपना फार्म जमा करा दें। मतदाताओं की मदद के लिए विशेष शिविर लगाए गए हैं। कलक्ट्रेट में कंट्रोल रूम नंबर 0131-2433023 पर भी मतदाता संपर्क कर मदद ले सकते हैं। मृतक, शिफ्टेड, डुप्लीकेट, अनुपस्थित मतदाताओं का ब्योरा भी तैयार कराया जा रहा है।
मुजफ्फरनगर : गणना प्रपत्रों के कार्य की स्थिति
विधानसभा मतदाता कार्य प्रतिशत
बुढ़ाना 397500 82.60
चरथावल 347053 80.35
पुरकाजी 340231 78.19
मुजफ्फरनगर 371726 67.93
खतौली 329088 82.65
मीरापुर 326988 81.20
बूथ लेवल एजेंट में भी भाजपा-सपा की टक्कर
एसआईआर के लिए राजनीतिक दलों ने बूथ लेवल एजेंट तैनात किए गए हैं। मतदाताओं को जागरूक करने और फार्म भरवाने का कार्य किया जा रहा है। राजनीतिक दलों की ओर से जिले में कुल 7237 बीएलए नियुक्त किए गए हैं। इनमें भाजपा और सपा में टक्कर रही। भाजपा के 1982 और सपा के 1981 बीएलए कार्य कर रहे हैं। बसपा ने 1976 और कांग्रेस ने भी 1298 एजेंट नियुक्त किए हैं।
मतदान केंद्र 870 और मतदेय स्थल 1982
जिले में मतदान केंद्रों की संख्या 870 और मतदेय स्थलों की संख्या 1982 है। इन पर 205 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं।
16 दिसंबर को किया जाएगा प्रकाशन
एडीएम प्रशासन संजय कुमार ने बताया कि 11 दिसंबर तक फार्म जमा किए जा सकेंगे। इसके बाद 16 दिसंबर को सूची का प्रकाशन होगा। आपत्तियां 15 जनवरी तक ली जाएंगी। अंतिम प्रकाशन 14 फरवरी को होगा।