श्री श्याम वंदना महोत्सव में भजन संध्या के दौरान गायिका रेशमी शर्मा व श्रद्धालु स्रोत स्वयं
- फोटो : mathura
मुजफ्फरनगर। श्री श्याम परिवार सुखी परिवार समिति की ओर से श्री श्याम वंदना महोत्सव का आयोजन नई मंडी स्थित रामलीला भवन में हुआ। इस मौके पर बिहार के समस्तीपुर से आईं भजन गायिका रेशमी शर्मा ने भजनों ने माहौल को आनंद से भर दिया। उन्होंने “वह कौन है, जिसने हमको दी पहचान है”, “आएगा आएगा आएगा” और “मेरा एक साथी है बड़ा ही भोला भाला है” जैसे भजनों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं का मन मोह लिया।
भजन संध्या का शुभारंभ राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल, अरुण गर्ग, मोहित बंसल और संजय मित्तल ने दीप प्रज्वलित कर किया। भजन संध्या में दिल्ली के भजन गायक अनुराग मित्तल ने भजनों से श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर किया। देर रात तक पंडाल श्याम नाम के जयघोष से गूंजता रहा। दरबार में श्याम बाबा का भव्य फूलों से श्रृंगार सभी के आकर्षण का केंद्र बना। श्रीकृष्ण भगवान की गोवर्धन पर्वत उठाए हुए प्रतिमा को देखने के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। नरेश पुनीया म्यूजिकल ग्रुप ने संगत दी। भजन संध्या में शामली, बुढ़ाना, गंगोह, पुरकाजी लक्सर मंगलौर, रुड़की, खतौली, मेरठ, कैराना आदि से श्रद्धालु पधारे। कीर्तन में भाजपा पूर्व विधायक अशोक कंसल, पूर्व जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, विशाल गर्ग, मंडल अध्यक्ष प्रवीण खेड़ा, राजेंद्र गुप्ता, दिनेश मित्तल, अंकित गर्ग, श्रवण कुमार और समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।