खतौली। गंगनहर में नहाते समय एक युवक डूब गया। वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि युवक को उसके ही साथियों ने नहर में धक्का दिया है। लोगों ने उसके चार साथियों को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। पुुलिस पकडे़ गए युवकों से पूछताछ कर रही है।
बुधवार दोपहर बाद गंगनहर घाट पर पांच युवक शराब पी रहे थे। युवक कुछ समय बाद नहर में नहाने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि इस बीच एक युवक को उसके साथियों ने नहर में धक्का दे दिया। जिस कारण युवक शोर मचाता पानी की धारा में फंस गया। शोर की आवाज सुनकर वहां मौजूद लोग मौके की ओर दौड़ पडे़।
कुछ दूर पहुंच कर युवक गहरे पानी में समा गया। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों ने उसके चार साथियों को पकड़ कर उनकी धुनाई कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने बताया कि पकडे़ गए युवकों ने अपने नाम मुजफ्फरनगर के गांव सरवट निवासी कपिल तथा जसवंत पुरी निवासी गौरव, पोपिन, नितिन शर्मा बताए हैं।
पुलिस पकडे़ गए युवकों से डूबने वाले युवक का नाम तथा उसके पते के बारे में पूछताछ कर रही है। पुलिस ने गंगनहर घाट से डूबने वाले युवक की नीली जींस तथा लाल पट्टी के चप्पल बरामद किए हैं।