मोरना। विद्युत लाइन पर काम कर रहे संविदाकर्मी की अचानक आए करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर जानसठ-मोरना मार्ग पर जाम लगा दिया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से बात की।
ककरौली के चौरावाला निवासी विक्रम 28 पुत्र बिशन कश्यप ककरौली बिजलीघर पर संविदाकर्मी के रूप में काम करता है। मंगलवार को बिजलीघर से खरपौड़-चौरावाला लाइन के खराब होने की सूचना मिली। ककरौली बिजली से शटडाउन लेकर विक्रम लाइन को ठीक करने के लिए चला गया। शाम करीब लाइन को ठीक करने के दौरान उसमें अचानक आए करंट की चपेट में आने से विक्रम की झुलस जाने से मौके पर ही मौत हो गई।
चौरावाला में मौत की सूचना मिली तो सैकड़ों ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। विक्रम की आठ वर्ष पूर्व शादी हुई थी और उसके कोई बच्चा नहीं है। गुस्साए ग्रामीणों ने शव को मौके से उठाकर जानसठ-मोरना मार्ग पर रखकर वहां जाम लगा दिया।
जाम की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। सूचना पर सीओ भोपा सूक्ष्म प्रकाश फोर्स और बिजली के अधिकारियों को साथ लेकर बात करने के लिए ग्रामीणों के बीच पहुंचे।
जिला पंचायत सदस्य ज्ञानेंद्र कुमार और भाजपा नेता अमित राठी और ग्रामीण बबलू कश्यप, विनोद गुप्ता, राजेंद्र सिंह, सुशील आदि ने अधिकारियों से मुआवजे को लेकर घंटों बात की। बाद में पहुंचे एसडीएम जानसठ उमेश मिश्रा ने साढ़े चार लाख रुपये का मुआवजा दिलाने की घोषण मौके पर जाकर की, जिसमें से डेढ़ लाख रुपये गुरुवार को ही मिल जाएंगे। बात तय होने के बाद करीब साढ़े तीन घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम खोला।
मृतक के पिता बिशन कश्यप ने ककरौली थाने में बिजलीघर के जेई यशपाल सिंह और विपिन कुमार के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी कर रही है।