आखिर अवैध पंप के संचालकों पर कब होगी कार्रवाई
मुजफ्फरनगर। गांव रुड़कली में अवैध बायोडीजल पंप पर लगी भीषण आग में दो लोगों की मौत के जिम्मेदार पंप संचालक के खिलाफ अब तक किसी तरह की कार्रवाई नहीं हुई है। घटना के एक सप्ताह बाद भी प्रशासन अवैध पंप संचालक के खिलाफ कार्रवाई के लिए जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है।
भोपा थाना क्षेत्र के गांव रुड़कली स्थित बायोडीजल पंप पर गत मंगलवार को हुए अग्निकांड में तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे। इनमें से फुरकान व साजिद की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। हादसे की जांच के लिए प्रशासन ने तीन सदस्यीय जांच टीम का गठन कर तीन दिन में जांच रिपोर्ट देने के निर्देश दिए थे। जांच में बायोडीजल पंप अवैध रूप से संचालित पाया गया था। वहीं, हादसे में बचे अय्याज ने अवैध बायोडीजल पंप पर डीजल-पेट्रोल की बिक्री किए जाने की पुष्टि की थी, लेकिन तमाम सबूतों के बावजूद अग्निकांड के एक सप्ताह बाद भी गांव चौरावाला निवासी पंप संचालक शाहआलम के खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई की हिम्मत प्रशासन नहीं जुटा पा रहा है। इसके चलते जहां एक ओर अवैध बायोडीजल पंप संचालक खुलेआम घूम रहा है, वहीं हादसे में मरे दोनों लोगों के परिजन भी अब तक इंसाफ की राह तक रहे हैं।
इन्होंने कहा .........
एडीएम वित्त एवं राजस्व आलोक कुमार का कहना है कि हादसे की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन कर तीन दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए थे। जांच रिपोर्ट अब तक क्यों नहीं आई, इस संबंध में जांच समिति से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
नकली तेल से घट रही है वाहनों की उम्र
भोपा। अवैध बायोडीजल पंपों पर बिकने वाले अवैध डीजल-पेट्रोल ने वाहनों के इंजनों का भट्ठा बैठा दिया है। वाहन मैकेनिक का काम करने वाले लोगों का कहना है कि नकली तेल के इस्तेमाल से वाहनों के इंजन निर्धारित समयसीमा से आधे समय तक ही चलकर खराब हो रहे हैं। नकली तेल का सीधा असर वाहन के अति महत्वपूर्ण पार्ट्स पर पड़ने से वाहन की मशीनरी की उम्र भी घट जाती है। मैकेनिक बिजेंद्र, नरेंद्र धीमान, कालू सैनी, कपिल, संजय, अरविंद व टिंकू का कहना है कि वाहनों को टिकाऊ बनाए रखने के लिए अच्छा तेल ही डलवाना चाहिए।