संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर शुक्रवार की रात मेरठ पुलिस जोन के एडीजी राजीव सभरवाल, आईजी प्रवीण कुमार और एसएसपी विनीत जायसवाल ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने इस दौरान उत्तराखंड की सीमा, सीसीटीवी, कांवड़ कंट्रोल रूम, कांवड़ मार्ग व पुलिस चौकियों तथा मार्ग पर किए सुरक्षा के प्रबंधों की जानकारी ली। कांवड़ के मद्देनजर रविवार की दोपहर 12 बजे से दिल्ली-दृन हाईवे पर दूसरे चरण का रूट डायवर्जन प्लान लागू हो जाएगा।
शुक्रवार देर रात पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने अंतर्राज्यीय सीमा (उत्तराखंड-मुजफ्फरनगर बार्डर) भूराहेड़ी चेक पोस्ट, धमात पुल, गंग नहर पटरी, कम्हेडा पुलिस चौकी गंग नहर, पटरी, सीकरी चौकी गंग नहर पटरी, भोपा गंगनहर पटरी, खतौली का निरीक्षण कर कांवड़ यात्रियों के लिए की व्यवस्थाओं को परखा। भूराहेडी चेक पोस्ट एवं पुरकाजी नगर पंचायत में लगे सीसीटीवी देखे। यातायात डायवर्जन के बाद ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने को निर्देशित किया। अपर पुलिस महानिदेशक ने पुरकाजी कांवड़ कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर कांवड़ मार्गों पर लगे सीसीटीवी की लाइव फुटेज चेक की। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से कहा कि कैमरों पर 24 घंटे सतर्क दृष्टि रखकर निगरानी करें। कोई भी संदिग्ध व्यक्ति व वाहन दिखने पर तत्काल अफसरों को सूचना दें। यदि किसी कांवड़ यात्री के साथ कोई अप्रिय घटना होती है या तबीयत खराब होती है तो तुरंत सहायता करें। इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर अर्पित विजयवर्गीय, पुलिस अधीक्षक यातायात कुलदीप सिंह अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। एसपी देहात अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि रविवार दोपहर से ही दिल्ली-देहरादून हाईवे पर रूट डायवर्जन प्लान लागू हो जाएगी।
कांवड़ियों से शालीन व्यवहार करें पुलिस : एसएसपी
एसएसपी विनीत जायसवाल ने पुलिस लाइन में बैठक कर कांवड़ ड्यूटी में लगे पुलिस कर्मियों को कई निर्देश दिए। कहा कि कांवड़ ड्यूटी के दौरान उनका व्यवहार बेहतर होना चाहिए। यात्रियों के साथ शालीनता से व्यवहार किया जाएं। यातायात डायवर्जन प्लान को कड़ाई से लागू कराएं। इस दौरान एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय ,एसपी अतुल श्रीवास्तव, एसपी अपराध प्रशान्त कुमार प्रसाद, पुलिस एसपी कुलदीप सिंह सहित सभी अधिकारी मौजूद रहे। शाम के समय एसएसपी ने पूरे जिले में भ्रमण किया।
सुरक्षा को पुलिस ने की तैयारी
14 जुलाई से रामपुर तिराहे से भारी वाहन वाया देवबंद, सहारनपुर होकर हरिद्वार जा रहे है। 17 जुलाई से दिल्ली, मेरठ आदि स्थानों से आकर उत्तराखंड जाने वाले वाहन मीरापुर में बाईपास से बिजनौर होकर जाएंगे। इस कारण मीरापुर में बाईपास-बिजनौर मार्ग वाहनों की आवाजाही बढ़ जाएगी। इसी के चलते पुलिस ने इस मार्ग पर हादसों की रोकथाम को बैरिकेडिंग शुरू कर दी है। इसके अलावा भी कई तैयारियां की जा रही है।
मेरठ से जोड़े जाएं सीसीटीवी का सिस्टम
पुरकाजी। पुरकाजी चेयरमैन जहीर फारूकी ने बताया कि कांवड़ यात्रा की सुरक्षा को नगर पंचायत में 135 कैमरे लगे है। अधिकारियों ने शुक्रवार देर रात भ्रमण कर कहा कि इस कैमरों का सिस्टम उनके मेरठ कार्यालयों से जोड़ा जाएं ताकि वह वहां से निगरानी कर सके।