गेहूं की फसल चट कर गए आवारा पशु
खतौली। किसानों की गेहूं की फसल आवारा पशु खा रहे हैं। किसानों की कई बीघा गेहूं की फसल को आवारा पशु चट कर गए हैं। गेहूं की फसल खाने से किसानों में आक्रोश व्याप्त है।
खतौली व रतनपुरी क्षेत्रों में आवारा पशु जंगलों में घूम रहे हैं। जंगलों में आवारा पशु किसानों की गेहूं की फसल को खा रहे हैं। रतनपुरी के गांव भूपखेड़ी निवासी किसान अनंगपाल ने बताया कि जंगल में आवारा पशु उसकी तीन बीघा गेहूं की फसल खा रहे हैं। फसल में घुसने पर इन आवारा पशुओं को लाठी व डंडों से भगाते हैं तो उल्टे पशु किसानों पर हमला करते हैं। किसान इकराम, राजेंद्र, सतीश, महेंद्र, दीपक, लाल सिंह आदि किसानों का कहना है कि आवारा पशु जंगलों में फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। किसानों ने प्रशासन से इन आवारा पशुओं को पकड़वाने की गुहार लगाई है।