भाकियू की महापंचायत को सफल बनाने पर बल
छपार। 17 फरवरी को मुजफ्फरनगर में होने वाली भाकियू की महापंचायत को सफल बनाने के लिए मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र मलिक ने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया।
प्रधान जाकिर त्यागी के निवास पर भाकियू के मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र मलिक ने कार्यकर्ताओं से कहा कि किसान समस्याओं से समझौता न करें। उन्होंने कहा कि किसानों के गन्ने के दाम नहीं बढ़े, जबकि बिजली के दाम अप्रत्याशित बढ़े हैं। नलकूप पर एक साल का बिल पहले सात हजार रुपये था, अब बारह हजार रुपये से अधिक है, जबकि दिल्ली सरकार ने अपने यहां बिजली मुफ्त कर दी है। सरकार की नीति है कि किसान को अधिक से अधिक कर्ज दिया जाए, जिससे छोटे किसानों को भूमिहीन कर दिया जाएगा। इसलिए कर्ज के जाल में फंसाया जा रहा है, इससे आमदनी दोगुनी होगी या आधी हो जाएगी। जिस दिन किसान को कर्ज देना पड़ेगा, उस दिन किसानों को भी आत्महत्या करनी पड़ेगी। उन्होंने किसानों से 17 फरवरी को अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर महापंचायत को सफल बनाने का आह्वान किया। पुरकाजी ब्लॉक अध्यक्ष मांगेराम त्यागी ने कहा कि यह महापंचायत ऐतिहासिक होगी, जिसमें किसान के मान सम्मान की लड़ाई लड़ी जाएगी और शासन प्रशासन भी झुकेंगे। पंचायत में ग्राम अध्यक्ष शहजाद त्यागी, बब्लू त्यागी, मुसर्रफ त्यागी, शाकिर, मोनू, कासीम, इकबाल कुरैशी, शाजिद त्यागी, मोहसिन, अय्यूब, नौमान आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।