वादे पर तौल लिपिकों का धरना खत्म
चरथावल। त्रिवेणी शुगर मिल देवबंद के चरथावल जोन के तौल लिपिकों का ब्लॉक परिसर में चल रहा धरना और भूख हड़ताल आठ दिन बाद खत्म हो गया। चीनी मिल के सहायक महाप्रबंधक (गन्ना) विपिन त्यागी ने धरनास्थल पहुंचकर लिपिकों की मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया।
देवबंद की त्रिवेणी शुगर मिल के चरथावल क्षेत्र के तौल लिपिक विभिन्न मांगों को लेकर पिछले आठ दिन से चरथावल ब्लॉक में धरने पर बैठे थे, जिन्होंने तीन दिन पूर्व भूख हड़ताल भी शुरू कर दी थी। इसके बावजूद मिल प्रबंधन द्वारा मांगों पर विचार नहीं किए जाने पर भारतीय किसान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरण सिंह ने तौल लिपिकों के समर्थन में महापंचायत की घोषणा की थी। इसके चलते रविवार को चीनी मिल के सहायक गन्ना महाप्रबंधक विपिन त्यागी चरथावल ब्लॉक पर तौल लिपिकों के धरने पर पहुंचे और उनसे वार्ता कर सभी समस्याओं पर विचार कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। उन्होंने 12 तौल लिपिकों को इस साल वरिष्ठता क्रम में प्रोन्नत करने और वरिष्ठता के अनुसार प्रमोशन दिए जाने का भी आश्वासन दिया। इसके साथ ही हर माह रविवार की छुट्टी अथवा उस दिन का अतिरिक्त वेतन दिए जाने का भी आश्वासन दिया, जिसके बाद तौल लिपिकों ने धरना खत्म कर सोमवार से काम पर लौटने की घोषणा कर दी। इस दौरान भाकियू तहसील अध्यक्ष विकास शर्मा, सरताज त्यागी, आयुष त्यागी, गुलफाम, नरेश कुमार, कंवरपाल सिंह, सुभाष चंद, नीटू चौहान, दुष्यंत सिंह, अंकित कुमार और ओम किरण आदि मौजूद रहे।