मुजफ्फरनगर। गन्ना विभाग के अधिकारियों ने घटतौली रोकने को तौल केंद्रों का छापा मारा। इस दौरान ककरौली का तौल लिपिक फरार हो गया। कांटे पर गड़बड़ी मिलने पर विभाग ने तौल लिपिक का लाइसेंस निरस्त कर दिया। इसके अलावा तेवड़ा के तौल केंद्रों पर भी गड़बड़ी मिली।
डीसीओ डॉ आरडी द्विवेदी के नेतृत्व में गन्ना विभाग के अधिकारियों ने टिकौला और खतौली चीनी मिल के तौन केंद्रों पर छापा मारा। टीम में गन्ना निरीक्षक एवं सहायक चीनी आयुक्त भी शामिल रहे। चीनी मिल टिकौला के क्रय केंद्र तेवड़ा तृतीय पर बीम स्केल नहीं मिला और कांटा निर्धारित वजन के सापेक्ष अधिक वजन प्रदर्शित करता दिखाई दिया, जो अशुद्ध कांटे की श्रेणी में आता है। इसी प्रकार खतौली चीनी मिल के क्रय केंद्र तेवड़ा प्रथम पर बीम स्केल व मानक बांट की उपलब्धता नहीं होने के कारण कांटे की जांच नहीं हो सकी। डीसीओ जब चीनी मिल खतौली के क्रय केंद्र ककरौली पर पहुंचे तो वहां का तौल लिपिक कांटा छोड़कर फरार हो गया, मौके पर चीनी मिल की ओर से नियुक्त चौकीदार आसाराम उपस्थित मिले, जिनके द्वारा तौल अभिलेखों जैसे कांटा, जांच रजिस्टर, गन्ना खरीद रजिस्टर को उपलब्ध कराया गया। तौल लिपिक के कांटा छोड़कर भागने से निरीक्षण कार्य में व्यवधान और क्रयकेंद्र पर गन्ना तौल हेतु आए किसानों को भी परेशानी हुई और विभागीय छवि धूमिल हुई। डीसीओ ने बताया कि तौल लिपिक सौरभ कुमार का तौल कार्य के लिए जारी लाइसेंस उनके द्वारा तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। तौल लिपिकों को ड्यूटी के समय अपना पहचान पत्र रखने के निर्देश दिए गए हैं।