मुजफ्फरनगर में नई मंडी स्थित आर्य समाज मंदिर में यज्ञ करते श्रद्धालु
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। नई मंडी स्थित आर्य समाज मंदिर में पुलिस सुरक्षा के बीच साप्ताहिक यज्ञ हुआ। आर्य समाज के प्रबंधन को लेकर उपजे विवाद में दोनों पक्षों में यज्ञ को लेकर सहमति बन गई थी।
वकील रोड स्थित आर्य समाज मंदिर में पिछले रविवार को एक पक्ष के लोगों ने सड़क पर ही यज्ञ किया था। उनका कहना था कि दूसरे पक्ष के लोगों ने मुख्य गेट बंद कर दिया है। मामले ने तूल पकड़ा तो आर्य समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी को आपसी सुलह के लिए बैठक बुलानी पड़ी। आर्य प्रतिनिधि सभा के लोगों ने एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय को ज्ञापन देकर झगड़े की आशंका जताई थी। एसपी सिटी के निर्देश पर नई मंडी थाना पुलिस को आर्य समाज भवन में यज्ञ शांतिपूर्वक कराने का निर्देश दिया गया।
रविवार सुबह आर्य समाज मंदिर का मुख्य द्वार खुला रहा। महर्षि दयानंद के अनुयायी, श्रद्धालु बड़ी संख्या में यज्ञ में सम्मलित हुए। यज्ञ ब्रह्म राकेश शास्त्री तथा यज्ञमान जितेंद्र सिंह रहे। अतर सिंह आर्य, इंद्र पाल सिंह बालियान, मुकेश आर्य, दीपक त्यागी, भूप सिंह, प्रधानाचार्य अविनाश त्यागी, मंगत सिंह आर्य, विजय कुमार त्यागी, योगेश्वर दयाल, जगदीश प्रसाद त्यागी आदि ने आहुति दी।
वरिष्ठ अधिवक्ता राजपाल सिंह चाहल, जितेंद्र मलिक, राकेश मलिक आदि मौजूद रहे। जिला आर्य प्रतिनिधि सभा के वरिष्ठ उप प्रधान गजेंद्र सिंह राणा ने बताया कि महर्षि दयानंद के कार्यों को आगे बढ़ाना सबका कर्तव्य है।