मुजफ्फरनगर। नगर स्वास्थ्य अधिकारी को लेकर पालिका एक बार फिर अखाड़ा बन गई है। ईओ हेमराज ने डॉ अतुल कुमार को ज्वाइन करा दिया है। लेकिन इस बीच नगर स्वास्थ्य अधिकारी के कार्यालय को जल कल अभियंता के कार्यालय में तब्दील कर दिया गया है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी कहां बैठेंगे अभी यह तय नहीं है।
सीएमओ के डॉ अतुल कुमार को दोबार नगर स्वास्थ्य अधिकारी का कार्यभार दिए जाने के आदेश के बाद पालिका में गहमा गहमी बनी हुई है। चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल ने उच्चाधिकारियों को पत्र लिखकर कहा है कि डॉ अतुल कुमार को पालिका बोर्ड ने हटाया है, उनका योगदान नहीं कराया जा सकता। चेयरपर्सन ने रात में ही नगर स्वास्थ्य अधिकारी के कार्यालय के स्थान पर जल कल अभियंता सुनील कुमार का कार्यालय प्रारंभ कर दिया है। रातों रात नगर स्वास्थ्य अधिकारी लिखे होने के स्थान पर जल कल अभियंता लिखवा दिया गया है। चेयरपर्सन का कहना है कि उन्होंने नगर स्वास्थ्य अधिकारी को कार्यभार नहीं दिया है।
डॉ अतुल अपना काम देखेंगे : ईओ
ईओ हेमराज का कहना है कि सीएमओ के पत्र के आधार पर डॉ. अतुल कुमार का पालिका में ज्वाइन करा दिया गया है। प्रक्रिया के बाद चेयरपर्सन को पत्र पर अवलोकित लिखा गया है। अब डॉ अतुल कुमार नगर स्वास्थ्य अधिकारी का कार्य देखेंगे।
हम अफसरों को लिख चुके पत्र : चेयरपर्सन
चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल का कहना है कि हम सीएमओ और अन्य उच्चाधिकारियों को पत्र लिखकर साफ कर चुके हैं कि डॉ अतुल कुमार को पालिका में नहीं रखेंगे। हमारे सभासद को जेल भिजवाने वाला अधिकारी यहां नहीं रहेगा। ईओ को पालिका में योगदान कराने का अधिकार नहीं है।