मुजफ्फरनगर। पालिकाध्यक्ष अंजू अग्रवाल ने अफसरों को निर्बाध जलापूर्ति के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पानी की सैंपलिंग भी होनी चाहिए।
सभासदों की शिकायत के बाद पालिकाध्यक्ष अंजू अग्रवाल ने शहर के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। मौके पर जलकल अभियंता सुनील कुमार एवं उनकी टीम को बुलाया। गंदे पानी की शिकायत आने पर पालिका की जल नलिकाओं से होने वाली जलापूर्ति तथा इंडिया हैंड पंप के पानी के सैंपलिंग कराए गए। चेयरपर्सन ने गंदा पानी की शिकायत पर सवाल किया। अफसरों ने बताया कि कई जगह घरेलू जल संयोजन उपभोक्ताओं के द्वारा लिए गए हैं तथा वह नाली के करीब है उनमें लीकेज है वह जर्जर अवस्था में है, इस कारण गंदे पानी की शिकायत है। यह कार्य उपभोक्ता का है कि वह अपने वाटर कनेक्शन को ठीक कराएं। दो ऐसे वॉटर कनेक्शन मंडी क्षेत्र में चिह्नित हुए हैं, जिनसे गंदे पानी की समस्या हो रही है।
चेयरपर्सन ने बताया कि विशेष सफाई अभियान नगरीय क्षेत्र में युद्ध स्तर पर चल रहा है। क्षेत्रीय सफाई नायकों को भी अपने-अपने क्षेत्र में सफाई कार्य कराने की हिदायत दी गई। सभासद विपुल भटनागर, विकास कुमार, राजीव कुमार जोनल सेनेटरी अधिकारी, अमित कुमार एवं अमरजीत सिंह कार्यवाहक सफाई निरीक्षक मौजूद रहे।