जल निगम के कर्मचारियों को तीन माह से नहीं मिला वेतन
मुजफ्फरनगर। कोरोना काल में कुछ विभागों के पास अपने कर्मचारियों का वेतन देने के लिए धन नहीं है। ऐसा ही विभाग जल निगम है। इसके कर्मचारियों को बीते तीन माह से वेतन नहीं मिला है। मई का वेतन भी 25 प्रतिशत कटौती कर दिया गया है। वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
उप्र जल निगम की जिले में दो इकाई नगर और ग्रामीण हैं। दोनों कार्यालयों में अधिशासी अभियंता समेत 60 कर्मचारी कार्यरत है। जल निगम की नगर इकाई में 19 और ग्रामीण इकाई में 41 कर्मचारी कार्यरत है। कोरोना काल के चलते कर्मचारियों को बीते तीन माह से वेतन नहीं है। ऐसे में कर्मचारियों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि उनके विभाग को परियोजनाएं आवंटित होती है। जिन परियोजनाओं का काम पूरा होता है, उस परियोजना का 12 प्रतिशत धन विभाग को कर्मचारियों के वेतन के लिए मिलता है। इसी कारण से वेतन नहीं मिला है। जल निगम के कर्मचारी रविकांत, प्रमोद, वीर सिंह, ऋषिपाल, शमीम, आरपी सिंह, पीयूष, संजीव कुमार, सचिन कुमार ने बताया कि पहले चार माह से वेतन रुका था। बीते कुछ दिनों पहले मई माह का वेतन विभाग ने दिया, इसमें भी 25 प्रतिशत की कटौती कर ली है, यानि 75 प्रतिशत ही वेतन मिला है। अभी जून, जुलाई और अगस्त माह का वेतन नहीं मिला है। ।
विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों को तीन माह का वेतन नहीं मिला है, क्योंकि कोरोना काल के चलते विभाग के पास वेतन देने को पर्याप्त धन नहीं है। मई माह के वेतन में भी 25 प्रतिशत की कटौती की गई है।
- राजीव त्यागी, अधिशासी अभियंता, उप्र जल निगम नगर इकाई