मधुशाला प्रकरण में वार्ड ब्वॉय और स्वीपर निलंबित
मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना स्थित आयुर्वेदिक चिकित्सालय में शनिवार को सजी शराब की महफिल प्रकरण में आरोपी वार्ड ब्वॉय अभिनव और स्वीपर प्रमोद कुमार को निलंबित कर दिया गया है। इस मामले की जांच के लिए क्षेत्रीय आयुर्वेदिक यूनानी अधिकारी ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की है। रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों के खिलाफ आगे विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
बुढ़ाना स्थित आयुर्वेदिक चिकित्सालय में शनिवार को चिकित्साधीक्षक डॉक्टर कुलदीप कटारिया अवकाश पर थे। उनकी गैरमौजूदगी में दोपहर में शराब की महफिल सजा दी गई थी। महिला मरीजों की उपस्थिति में ही अस्पताल में मौजूद कर्मचारी खुलेआम शराब के पैग लगाते व चिकन बिरयानी खाते नजर आए थे, जिनकी एक मरीज ने मोबाइल से वीडियो भी बनाई थी। यही नहीं, वीडियो बनाते समय शराब पीने वाले कर्मचारियों ने मरीज को धमकी भी दी थी। इस मामले में सोमवार को कार्यालय खुलने के बाद बुढ़ाना स्थित अस्पताल के वार्ड ब्वॉय अभिनव और स्वीपर प्रमोद कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक यूनानी अधिकारी डॉक्टर इसमपाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया है। इसमें डॉ अरुण वर्मा, डॉक्टर एस मलिक और डॉक्टर रमेशचंद को शामिल किया गया है। जांच समिति को जल्द से जल्द पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आरोपी कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा सके।
-