रतनपुरी क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर डीजल लेने पहुंचे किसान।-संवाद
रतनपुरी/भोपा बाईपास। खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध को लेकर उड़ रही अफवाहों के बीच देहात क्षेत्र के पंपों पर डीजल व पेट्रोल लेने वालों की भीड़ उमड़ रही है। किसान ट्रैक्टर ट्रॉलियों में बड़े-बड़े ड्रम और कैन लेकर पहुंच रहे हैं, जिससे डीजल की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। पेट्रोलियम पदार्थों की बिक्री में अचानक तेजी आई है।
खाड़ी देशों में युद्ध के असर से पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है। इसके चलते रतनपुरी क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर किसान बड़ी मात्रा में डीजल खरीद रहे हैं। कुछ दिनों बाद गेहूं की थ्रेसिंग और गन्ने की बुआई शुरू होने वाली है।
मार्च, अप्रैल और मई के महीनों में खेतों की जुताई, सिंचाई और गेहूं कटाई जैसे कामों में डीजल की खपत काफी बढ़ जाती है। इस बढ़ी हुई मांग को पूरा करने के लिए किसानों को अधिक डीजल की आवश्यकता होती है।
रतनपुरी निवासी जयवीर सिंह ने बताया कि खाड़ी देशों के युद्ध को लेकर तरह-तरह की अफवाहें फैल रही हैं। इन्हीं अफवाहों के चलते किसान पेट्रोल पंपों पर डीजल लेने के लिए दौड़ रहे हैं।
रतनपुरी स्थित फिलिंग स्टेशन के सेल्समैन सतीश कुमार ने पुष्टि की है कि पिछले दो दिनों से डीजल और पेट्रोल की बिक्री में अचानक तेजी आई है। उन्होंने बताया कि एक-एक किसान एक से दो हजार लीटर तक डीजल खरीदकर ले जा रहा है। पेट्रोल की बिक्री में भी वृद्धि दर्ज की गई है।
रतनपुरी क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर डीजल लेने पहुंचे किसान।-संवाद
रतनपुरी क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर डीजल लेने पहुंचे किसान।-संवाद