टुर्नामेंट में टेनिस खेलतीं महिला खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
सर्विस क्लब के ग्रास कोर्ट पर खेले गए सेमीफाइनल डबल्स मुकाबलों में जापान की कोयोका ओकामोरा और मिचिका ओजेकी तथा इंडोनेशिया की अल्दिला सुतजियादी, चीन की दन नी वांग जीत हासिल कर फाइनल में पहुंच गई हैं। भारत की नताशा पलाह और रूस की अन्ना मखोरकीना ने कड़ा संघर्ष किया, लेकिन जीत नहीं पाई। डबल्स का फाइनल शनिवार को 10.45 बजे खेला जाएगा।
सातवीं भावना स्वरूप मेमोरियल टेनिस टूर्नामेंट के डबल्स का पहला सेमीफाइनल जापान की कोयोका ओकामोरा और मिचिका ओजेकी के नाम रहा। भारत की नताशा पलाह और रूस की अन्ना मखोरकीना के प्रदर्शन से जैसी उम्मीद थी, वैसा परिणाम नहीं मिला। हालांकि पहला सेट उन्होंने 3-6 से जीत लिया था। दूसरे सेट में जापान की जोड़ी ने सर्विस, रिटर्नस में नियंत्रित खेल दिखाया। पलाह और अन्ना को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
ओकामोरा और ओजेकी ने 6-2 से सेट जीतकर लय पकड़ ली। टूर्नामेंट में ओकामोरा को पांचवी रैंक मिली थी। साझीदार के रूप में ओजेकी ने भी तालमेल दिखाया। टाईब्रेक के बाद कोर्ट पर जापान की जोड़ी का दबदबा रहा। तीसरा सेट 10-7 से जीतकर उन्होंने भारत की पलाह और रूस की अन्ना की फाइनल की राह रोक दी। दूसरे सेमीफाइनल में इंडोनेशिया की अल्दिला सुतजियादी और चीन की दन नी वांग ने शानदार खेल दिखाया।
एक घंटा चले मैच में सर्बिया की नतालिजा कोस्टिक और स्लोवाकिया की टेरेजा मिहालिकोवा की जोड़ी चूक गई। सिंगल मैचों की थकान का असर भी कोस्टिक और टेरेजा पर दिखाई दिया। अल्दिला ने अनुभव का फायदा उठाया और वांग के साथ मिलकर कोर्ट पर हर तरीके से शॉट्स खेले। अल्दिला एवं वांग ने 6-2, 6-4 से मैच अपने हक में कर फाइनल में स्थान बनाया।
डबल्स में हारी फाइनल की प्रतिद्वंद्वी
मुजफ्फरनगर। आईटीएफ टेनिस टूर्नामेंट के डबल्स सेमीफाइनल में अजीब इत्तेफाक यह रहा कि सिंगल्स के फाइनल में पहुंची नतालिजा कोस्टिक और टेरेजा मिहालिकोवा की जोड़ी ने मिलकर मैच खेला। स्लोवाकिया की टेरेजा ने ढाई घंटे सिंगल मुकाबले में कोर्ट पर बिताए। तीन सेट के मैच में कड़े संघर्ष से वह जीत पाई थी। सिंगल्स मैच की थकावट टेरेजा और कोस्टिक के चेहरे पर नजर आई। इंडोनेशिया की अल्दिला और चीन की वांग पूरी तैयारी के साथ कोर्ट पर उतरी थी। कोस्टिक और टेरेजा उन्हें रोक नहीं पाईं। इस तरह फाइनल की प्रतिद्वंद्वी डबल्स का सेमीफाइनल हार गईं।