मुजफ्फरनगर। सुबह और शाम ठंड बढ़ने के साथ बीमारियों का प्रकोप भी बढ़ रहा है। दोपहर के समय गर्मी मुसीबत बनी है। लोगों के शरीर की प्रतिरोधक क्षमता घटने से वायरल बुखार और खांसी-नजला हो रहा है। बरसात के बाद अचानक डेंगू के मरीजों में भी इजाफा हुआ है। जिला अस्पताल ओपीडी में ऐसे मरीजों की संख्या बढ़ रही है।
जिला अस्पताल ओपीडी में प्रतिदिन औसतन 1500 से 1700 मरीज उपचार के लिए आ रहे हैं। वायरल बुखार और नजला-खांसी एवं आंखों में एलर्जी से पीड़ित मरीजों की संख्या एक हजार तक पहुंच रही है। जनपद में डेंगू का भी प्रकोप है। अब तक 38 लोगों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। अस्पताल में डेंगू, थायरायड और अन्य जांच के लिए भी पैथोलाजी लैब पर भीड़ लग रही है।
चिकित्सक से परामर्श के बाद लें दवाई : जिला अस्पताल के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. योगेन्द्र त्रिखा का कहना है कि इस समय वायरल के मरीज बढ़ रहे हैं। धीरे-धीरे डेंगू का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। मौसम में परिवर्तन के कारण नजला और खांसी भी लोगों को जकड़ रही है। अस्पताल में डायरिया के मामले भी सामने आ रहे हैं। किसी को बुखार अथवा दूसरी परेशानी है तो दवाएं अपनी मर्जी से न खाएं। चिकित्सक की सलाह पर ही दवा लें।