-ढांसरी से मुजफ्फरनगर तक मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा संचालन की मांग ने जोर पकड़़ा
(फोटो समाचार)
संवाद न्यूज एजेंसी
जानसठ। तहसील क्षेत्र के गांव ढांसरी से मुजफ्फरनगर तक मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा शुरू करने की मांग जोर पकड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इस सेवा से दर्जनों गांवों के लोगों को जिला मुख्यालय और धार्मिक स्थल शुकतीर्थ तक आने-जाने में बड़ी राहत मिलेगी।
ग्रामीणों के अनुसार, बस सेवा को ढांसरी से शुरू कर कम्हेड़ा, खुजेड़ा, खाईखेड़ा, ककरौली, चौरावाला, मोरना और भोपा होते हुए मुजफ्फरनगर तक चलाया जाना चाहिए। इस मार्ग पर बस चलने से लोगों को सीधा यातायात साधन मिलेगा। इससे उनका सफर आसान और सुरक्षित होगा। ग्रामीण जहीर आलम ने कहा कि ढांसरी से बस सेवा का संचालन बेहद जरूरी है। इससे ग्रामीणों को शुकतीर्थ और मुजफ्फरनगर पहुंचने के लिए गाड़ियों के इंतजार में परेशान नहीं होना पड़ेगा। अक्षय सैनी ने बताया कि अभी ढांसरी से शुकतीर्थ और जिला मुख्यालय तक पहुंचने में काफी दिक्कतें आती हैं। बस सेवा शुरू होने से समय और पैसे दोनों की बचत होगी।
ग्रामीण उइशरत जैदी के अनुसार, बस सेवा से छात्र-छात्राओं को विशेष लाभ मिलेगा। उन्हें उच्च शिक्षा के लिए मुजफ्फरनगर के कॉलेजों तक पहुंचने में आसानी होगी। यह सेवा उनके दैनिक आवागमन को सुगम बनाएगी। इससे उनका समय बचेगा और पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर पाएंगे। यह सुविधा उनके भविष्य के लिए महत्वपूर्ण होगी।