नूनाबड़ी गांव में बड़गांव पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करते ग्रामीण
- फोटो : DEVBAND
ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ किया प्रदर्शन
देवबंद (सहारनपुर)। नूनाबड़ी गांव के ग्रामीणों ने बड़गांव पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए चोरी के एक मामले में बेकसूर युवक को उठाकर बेरहमी से पीटने का आरोप लगाया। पुलिस ने ग्रामीणों के आरोपों को गलत बताया है।
शुक्रवार को नूनाबड़ी गांव के समाजसेवी हाफिज मोईनुद्दीन के नेतृत्व में ग्रामीणों ने बड़गांव पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। आरोप है कि थाना पुलिस ने 15 दिन पूर्व हुई चोरी के मामले में गांव से एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। जिसके साथ थाने पर तैनात एक दरोगा ने जमकर मारपीट की। जबकि इससे पूर्व भी एक युवक को इसी तरह उठाकर पूछताछ के नाम पर बेरहमी से पीटा गया था। मोईनुद्दीन का आरोप है कि पुुलिस गांव के युवकों का उत्पीडन कर रही है। जबकि निर्दोष साबित होने पर अधिकारियों के निर्देश पर उन्हें छोड़ दिया गया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से गांव के युवकों का उत्पीड़न रोकने और आरोपी दरोगा के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं बड़गांव थाना प्रभारी अभिषेक सिरोही ने ग्रामीणों के आरोपों को निराधार बताया है। प्रदर्शनकारियों में रिफाकत, इरफान अली, सद्दाम राव, आदिल, नवीन कुमार, नादिर राणा, हाजी फरमान, राव मसरुर अली, मोहसिन अली आदि शामिल रहे।