फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ग्रामीणों का युवक की मौत पर गुस्सा फूटा

विज्ञापन
विज्ञापन
ग्रामीणों का युवक की मौत पर गुस्सा फूटा
विज्ञापन

चरथावल (मुजफ्फरनगर)। गांव महाबलीपुर में खेत पर काम करने गए युवक अंकित की पहले से टूटे पड़े बिजली के तार की चपेट में आकर करंट लगने से मौत हो गई। इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए पुलिस को शव उठाने से रोक दिया और धरने पर बैठ गए। करीब सात घंटे बाद अफसरों द्वारा आर्थिक सहायता का चेक दिए जाने के बाद ही धरना खत्म किया गया, जिसके बाद शव को मोर्चरी भेजा जा सका।
थाना क्षेत्र के गांव महाबलीपुर निवासी किसान प्रमोद चौधरी ने खेत में ईख के साथ सह-फसली खेती के रूप में खीरा लगाया हुआ है। बुधवार सुबह करीब पांच बजे प्रमोद का बेटा अंकित (20) रोजाना की तरह खेत में खीरे लेने गया था। खेत पर पहले से ही एक बिजली का तार टूटा पड़ा था, जिसमें प्रवाहित करंट की चपेट में आकर अंकित की मौके पर ही मौत हो गई। पास ही खेतों में मौजूद कुछ लोगों ने घटना की जानकारी परिजन व ग्रामीणों को दी, जिस पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण भड़क उठे। गुस्साए ग्रामीणों ने शव को उठाने से रोक दिया और प्रधान संजय त्यागी के साथ मिलकर धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की।
विज्ञापन

घटना की सूचना पर भाकियू सदर तहसील अध्यक्ष विकास शर्मा और ब्लॉक अध्यक्ष कुशल वीर सिंह भी मौके पर जा पहुंचे। इसके साथ ही नायब तहसीलदार इंद्र देव सिंह, कानूनगो प्रवीण कुमार और विद्युत निगम के एसडीओ भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण नहीं माने। आखिरकार करीब सात घंटे तक चले धरना-प्रदर्शन के बाद विद्युत निगम की ओर से पीड़ित परिवार को पांच लाख की सहायता राशि और अंकित के एक भाई को विभाग में संविदा कर्मचारी की नौकरी दिए जाने के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए। तत्पश्चात विद्युत निगम के एक्सईएन श्रीचंद ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को पांच लाख की धनराशि का चेक सौंपा। इसके बाद पुलिस ने शव को मोर्चरी भेज दिया। भाकियू युवा अध्यक्ष संजय, समिति संचालक बोस त्यागी, पूर्व प्रधान सतवीर चौधरी, राजेंद्र चौधरी, ओपिन चौधरी, महावीर सिंह और अशोक त्यागी आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन

राजस्व विभाग ने मौके पर बनाया वारिस प्रमाण पत्र
चरथावल। गांव महाबलीपुर में युवक की करंट से मौत के बाद चल रहे हंगामे के बीच नायब तहसीलदार इंद्रदेव सिंह की मौजूदगी में हल्का लेखपाल सोनिया भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद मौके पर ही कानूनगो प्रवीण गुप्ता व लेखपाल सोनिया ने वारिस प्रमाण पत्र बनाकर अंकित के भाई पंकज की विद्युत निगम में संविदाकर्मी के रूप में नौकरी की कार्रवाई पूरी कराई। नायब तहसीलदार ने मुख्यमंत्री राहत कोष से भी पांच लाख रुपये अनुदान की फाइल तैयार करने के निर्देश दिए। वहीं, विद्युत निगम के अफसरों ने गांव व खेतों में जर्जर हो चुके बिजली के तार बदलने का भी आश्वासन ग्रामीणों को दिया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें