मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव चांदपुर निवासी असम राइफल्स में तैनात राइफलमैन राहुल (38) की अरुणाचल में डयूटी के दौरान हादसे में मौत हो गई। शव के अंतिम संस्कार के समय शोक सलामी नहीं देने की जानकारी पाकर ग्रामीणों ने नाराजगी जाहिर की। मुख्य मार्ग पर जाम लगाने का प्रयास किया। गणमान्य लोगों ने उन्हें समझाया। कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने गांव पहुंचकर श्रद्धांजलि दी।
चांदपुर निवासी राहुल 2007 में भर्ती हुआ था। शुक्रवार रात सेना के दो जवान शव लेकर गांव में पहुंचे। शनिवार सुबह शव का अंतिम संस्कार होना था। इस बीच गांव के लोगों को पता चला कि सेना के जवान अंतिम संस्कार के समय शोक सलामी देने से मना रहे हैं, जिस पर नाराजगी जताई गई।
ग्रामीण शव रखे वाहन को लेकर गांव के बाहर भोपा मार्ग पर ले गए और जाम लगाने का प्रयास करने लगे। गांव के गणमान्य लोगों ने पहुंच कर उन्हें समझाया। इसके बाद शव को दर्जनों ट्रैक्टरों के काफिले के साथ भारत माता की जय व राहुल अमर रहे, के नारे लगाते हुए सैकड़ों युवा व ग्रामीण गांव के श्मशान घाट में लेकर पहुंचे। मृतक के सात साल के बेटे बसंत ने अपने ताऊ अनुज की मदद से मुखाग्नि दी। राज्यमंत्री कपिल देकर अग्रवाल भी जानकारी पाकर गांव में पहुंचे। उन्होंने मृतक को श्रद्धांजलि व परिजनों को सांत्वना दी।
इस दौरान सेवानिवृत्त कैप्टन प्रेमवीर सिंह, सीओ नई मंडी राजू कुमार साव, प्रधान सुनील कुमार, अनिल कुमार, मनदीप, जीत सिंह, कुलदीप सिंह, इंद्रजीत सिंह, योगेंद्र सिंह, गोपाल सिंह मौजूद रहे।
-
इनसेट
सास-ससुर और परिवार में तीन बच्चे
राहुल के बड़े भाई अनुज ने बताया कि उनका छोटा भाई अरुणाचल में तैनात था। उसकी पत्नी संगीता कक्षा आठ में पढ़ने वाली बेटी पूर्वी (13), कक्षा सात में पढ़ने वाली बेटी रूही (13) व कक्षा दो के छात्र बेटे बसंत (7) के साथ गांव में ही रह रही थी। गांव में ससुर हरवीर सिंह व सास निर्मला देवी भी उनके साथ ही रहते हैं।
दो माह में लेना चाहता था सेवानिवृत्ति
परिजन बताते है कि राहुल 2007 में भर्ती हुआ था। उसकी नौकरी को 18 साल पूरे होने वाले थे। वह दो माह बाद सेवानिवृत्ति लेना चाहता था। परिवार को जानकारी दी गई है कि डयूटी के दौरान राहुल अपनी राइफल की मैगजीन बदल रहा था। इसी दौरान गोली चलने से हादसा हुआ है।
राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि राहुल की मौत दुखद है। पूरे क्षेत्र में गम का माहौल है। एसएसपी से बात की है। मौत का कारण जानने के लिए असल राइफल्स बटालियन के अधिकारियों से जानकारी करने के लिए कहा गया है।