जिला चिकित्सालय में विलाप करते खेडी दुधाधरी में झगडें में मृतक के परिजन।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
नाली के विवाद में प्रधान पक्ष ने की ग्राम सचिव की गोली मारकर हत्या
तितावी (मुजफ्फरनगर)। गांव खेड़ी दूधाधारी में नाली के विवाद में ग्राम प्रधान और उसके परिजनों ने ग्राम सचिव की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना में ग्राम सचिव के सगे और चचेरे भाइयों को भी गोली लगी है। उन्हें गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया गया है। ग्राम सचिव ने रविवार सुबह ही झगड़े की आशंका जताते हुए थाना तितावी पुलिस को सूचना दी थी। एसओ ने खुद जाने के बजाए एक सिपाही और एक होमगार्ड को भेज दिया। उनके सामने ही घटना हुई। ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिला अस्पताल में हंगामा किया। एसएसपी ने एसओ कपिलदेव व चौकी प्रभारी कुमेर सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है।
मरने वाले अर्जुन देशवाल (26) गांव खेड़ी दूधाधारी के रहने वाले थे और सदर ब्लॉक कूकड़ा पर ग्राम सचिव के पद पर कार्यरत थे। अर्जुन देशवाल पक्ष का घर के सामने नाली बनाने को लेकर ग्राम प्रधान विनोद के साथ विवाद चल रहा था। वारदात के दौरान प्रधान पक्ष ने ताबड़तोड़ फायरिंग करने के साथ धारदार हथियारों का इस्तेमाल भी किया। ग्राम सचिव अर्जुन व उनके सगे भाई इंदु देशवाल को गोली लगी, जबकि उनके चचेरे भाई अंशुल धारदार हथियारों के वार से घायल हुए हैं। परिजन तीनों को जिला अस्पताल ले गए, जहां अर्जुन देशवाल को मृत घोषित कर दिया गया। एसएसपी अभिषेक यादव ने जिला अस्पताल पहुंचकर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर हंगामा कर रहे ग्रामीणों को शांत किया। ग्राम सचिव के चचेरे भाई अंजुल देशवाल की ओर से ग्राम प्रधान विनोद, उसके तीन बेटों सुमित, कपिल व अंकित, परिवार के प्रविंद्र व विरेंद्र उर्फ बिल्लू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।