सपा नेता आजम खान की सदस्यता समाप्त किए जाने पर विधानसभा अध्यक्ष को लिखा पत्र
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। सपा नेता और पूर्व मंत्री आजम खान की विधानसभा की सदस्यता समाप्त किए जाने पर रालोद अध्यक्ष जयंत सिंह ने सवाल उठाया है। उनका कहना है कि अगर सजा सुनाए जाने पर आजम खान की सदस्यता जा सकती है तो फिर खतौली के भाजपा विधायक विक्रम सैनी की सदस्यता अब तक क्यों खत्म नहीं की गई है।
रालोद अध्यक्ष ने विधानसभा अध्यक्ष को पत्र भेजकर कहा कि एक ही तरह के दो मामलों में दोहरा मापदंड अपनाया जा रहा है। विधायक विक्रम सैनी को मुजफ्फरनगर दंगे के दौरान के मामले में स्थानीय अदालत ने सजा सुनाई है। इस पर भी विधानसभा अध्यक्ष को अग्रिम कार्यवाही करनी चाहिए। जबकि सैनी को पूर्व मंत्री आजम खान से पहले सजा हो चुकी है। जयंत सिंह ने कहा कि पक्ष और विपक्ष के सदस्यों के साथ समान व्यवहार होना चाहिए। कानून अलग-अलग नहीं हो सकता। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से मांग रखी कि भाजपा विधायक के प्रकरण में पहल करते हुए उन पर भी कार्रवाई की जानी चाहिए।