चरथावल। उत्तर प्रदेश ग्राम विकास बैंक लिमिटेड की शाखा चरथावल में भाजपा जिला महामंत्री विजय सैनी नामांकन पत्र वैध पाए जाने से निर्विरोध चुने गए। निर्वाचन अधिकारी ने दो नामांकन पत्र अवैध घोषित कर दिए।
बृहस्पतिवार को भूमि विकास बैंक में शाखा प्रतिनिधि पद के लिए दाखिल प्रपत्रों की जांच का दिन नियत था। बताया गया कि निर्वाचन अधिकारी एसके अग्रवाल अचानक बीमार हो गए। एसडीएम सदर दीपक कुमार ने बैंक में जाकर जानकारी हासिल की और दूसरे निर्वाचन अधिकारी को तीन बजे चरथावल शाखा पर भेजा गया। जांच के दौरान मौहम्मद आबाद और ठाकुर ओमपाल सिंह के नामांकन पत्रों को अवैध घोषित करते हुए शाम चार बजे के बाद विजय सैनी के नामांकन पत्र को वैध बताते हुए उनके नाम का परचा बैंक के बाहर चस्पा किया। भाजपा मंडल अध्यक्ष मनीष गर्ग, सहकारी समिति चेयरमैन कुबेर दत्त त्यागी, राधेश्याम, जितार्थ त्यागी ने निर्वाचित विजय सैनी के पार्टी का पटका पहनाकर अभिनंदन किया। उधर, दोनों प्रत्याशियों के पर्चे निरस्त होने का कोई कारण नहीं बताया गया है। शाखा के फील्ड ऑफिसर विक्रांत ने बताया कि उन्हें निरस्त होने की कोई जानकारी नहीं है।