खतौली के भंगेला ओवर ब्रिज से दौड़ते वाहन।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
खतौली ओवरब्रिज पर फर्राटा भरने लगे वाहन
खतौली। नेशनल हाईवे पर क्षेत्र में चार स्थानों पर बनाए जा रहे ओवरब्रिज में से दो ओवरब्रिज तैयार होने के बाद उन पर वाहन फर्राटा भर रहे हैं। इससे यहां लगने वाले जाम से मुक्ति मिली है। अभी दो ओवरब्रिज का काम जारी है।
दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे 58 पर तेजी से काम चल रहा है, जिससे यात्री कम समय में अधिक दूरी तय कर सके। खतौली तहसील में भंगेला तिराहा तथा नावला कोठी तिराहा डेंजर जोन में आते है। भंगेला तिराहे, रायपुर नंगली मार्ग, नावला कट तिराहा, हल्दीराम के समीप ओवरब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे आए दिन होने वाली दुर्घटना और जाम से बचा जा सके। भंगेला तिराहे पर ओवरब्रिज का काम पूरा हो गया है, इससे वाहन आ जा रहे हैं। यहां पर दोनों ओर जलनिकासी का काम शेष है, जो कराया जा रहा है। रायपुर नंगली जाने वाले मार्ग पर ओवरब्रिज का निर्माण हो चुका है। यह ब्रिज लगभग साढे़ चार सौ मीटर लंबा बना है, इस पर भी वाहन फर्राटा भर रहे हैं। इस अंडरपास के दोनों ओर जलनिकासी के साथ ही सड़क के बीचों बीच काम कराना बाकी है। भैंसी कट पर ओवरब्रिज बनकर तैयार हो चुका है। लाइटों का काम बाकी है, जिसके पूरा होते ही इस पर वाहन दौड़ने लगेंगे। हल्दीराम के समीप अंडरपास बनाए जाने के लिए खोदाई का काम चल रहा है। इन ओवरब्रिज और अंडरपास का काम पूरा होने के बाद सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लग जाएगा। फिलहाल दो ओवरब्रिज पर यातायात सुचारु रूप से चल रहा है। इंजीनियर हसमुख का कहना है कि सर्दी के मौसम में काम धीमी गति से चल रहा था, लेकिन वर्तमान में काम युद्ध स्तर पर जारी है।