मुजफ्फरनगर। जनपद के स्कूलों में प्रयोग किए जा रहे गैर जनपद व अन्य राज्यों में पंजीकृत वाहनों के खिलाफ एआरटीओ ने अभियान शुरू किया है। निजी प्रयोग वाले वाहन भी व्यवसायिक रूप में नहीं चलाए जाएंगे। ऐसे सभी वाहनों का चालान होगा।
एआरटीओ सुशील मिश्रा ने बताया कि जिले में लगभग 750 स्कूलों में 850 वाहन बच्चों को लाने ले जाने में प्रयोग किए जा रहे है। ऐसे वाहनों की चेकिंग की जा रही है जो गैर जनपद व राज्यों से हैं और यहां स्कूलों में बच्चों को लाने व ले जाने में प्रयोग किये जा रहे हैं। ऐसे वाहनों से बच्चों को लाने-ले जाने की अनुमति नहीं है। ऐसे सभी वाहनों के खिलाफ कार्रवाई होगी और स्कूल संचालकों के खिलाफ भी रिपोर्ट तैयार कर शिक्षा विभाग अधिकारियों को दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि अब से पहले भी उन्होंने गैर राज्य व जनपदों से वाहनों को खरीद कर स्कूलों में बच्चों को लाने व ले जाने के लिए प्रयोग करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। ऐसे वाहन चालक अपने वाहनों को स्कूली प्रक्रिया से खुद ही हटा लें। वाहन के पकड़े जाने सख्त कार्रवाई की जाएगी।